दो नहरिया रोड पर टैंकर ने इंटर के छात्र को कुचल दिया। इसमें छात्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी। हादसे के बाद चालक पेट्रोलियम पदार्थ से भरा टैंकर छोड़कर भाग निकला। पुलिस टैंकर को कब्जे में लेकर घटना की जांच कर रही है। पुलिस का मानना है कि ओवरटेक करने के दौरान हादसा हुआ है। छात्र अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।
बृजवासी कालोनी, पीलीकोठी निवासी बैंककर्मी कैलाश चंद्र तिवारी का बेटा सुदित तिवारी सेंट थेरेसा स्कूल में 12वीं का छात्र था। मंगलवार को वह स्कूटी से फ्रेंड्स कॉलोनी में रहने वाले अपने दोस्त शुभम के घर गया था। लौटते समय दो नहरिया रोड पर उसके आगे टैंकर जा रहा था। पुलिस का कहना है कि टैंकर को ओवरटेक करते समय हादसा हुआ। इसमें सुदित टैंकर से टकराकर पिछले पहिए के नीचे आ गया। टायर से कुचलकर उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि उसकी स्कूटी दूसरी तरफ छिटक गयी। हादसे के बाद चालक टैंकर को छोड़कर भाग निकला। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी आर एस मेहता और मुखानी थानाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह बृजवाल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने टैंकर को कब्जे में लेकर छात्र को बेस अस्पताल में पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। सुदित के पिता पंतनगर स्थित नैनीताल बैंक की शाखा में कार्यरत हैं और मां अंजू तिवारी गौलापार स्थित एक स्कूल में अध्यापिका हैं। बेटे की मौत की सूचना पर माता पिता पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। दोनों शव देखने से पहले ही बेहोश हो गये। पड़ोस के लोगों ने दोनों को कार से घर भेज दिया। परिजनों ने बताया कि सुदित की बड़ी बहन देहरादून में पढ़ती है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस टैंकर चालक की तलाश कर रही है।