Inspection by ADB Team of Jamrani
हल्द्वानी। जमरानी बांध परियोजना के तकनीकी परीक्षण के लिए एडीबी चेयरमैन समेत चार सदस्यीय टीम 24 जनवरी को दिल्ली पहुंचेगी। सोमवार को जमरानी परियोजना के अधिकारियों के साथ एडीबी विशेषज्ञों की ऑनलाइन बैठक है। इसमें बांध के तकनीकी पहलू पर विचार विमर्श के साथ ही उनके दौरे की तिथि तय होगी।
जमरानी बांध के तकनीकी मूल्यांकन के लिए एडीबी की ओर से नियुक्त पैनल के जनवरी में आने की पूर्व में सूचना भेजी गई थी। चार सदस्यीय पैनल में एडीबी चेयरमैन, भूगर्भशास्त्री, हाइड्रोलॉजिस्ट और भूकंप रोधी विशेषज्ञ शामिल हैं। यह पैनल बांध के विभिन्न पहलुओं का अध्ययन कर अपनी रिपोर्ट एडीबी को भेजेगा। पैनल के साथ जमरानी बांध परियोजना इकाई की ओर से तैनात विशेषज्ञ भी भाग लेंगे जो बांध की तकनीकी जानकारी उन्हें देंगे।
जमरानी बांध परियोजना इकाई के उपमहाप्रबंधक भारत भूषण पांडेय ने बताय कि एडीबी की ओर से नियुक्त पैनल में एडीबी के चेयरमैन क्वेटिंग हेनरी शॉ इंग्लैंड, सिल व्यू इयानोश भूगर्भ शास्त्री फ्रांस, थॉमस माइकल बेबर सेस्मोलॉजिस्ट (भूकंप रोधी विशेषज्ञ) स्विटरजरलैंड और फैलिक सैप सी वासर हाइड्रोलॉजिस्ट स्पेन शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि एडीबी के नई दिल्ली स्थित दफ्तर से बताया गया है कि यह टीम 24 जनवरी को भारत नई दिल्ली पहुंच रही है। सोमवार को एडीबी चेयरमैन के अलावा अन्य विशेषज्ञों के साथ ऑनलाइन बैठक होनी है। इसमें पुनर्वास, बांध के डिजायन, अब तक किए गए कार्यों की जानकारी साझा की जाएगी। इस बैठक में बांध के तकनीकी परीक्षण के लिए आने की तिथि भी तय होने की संभावना है।