हल्द्वानी। पिथौरागढ़ से रविवार की रात घायल मासूम श्रेया को देखते ही लोगों की आंखें डबडबा गई। लोगों का कहना था कि काल ने ऐसा क्रूर खेल खेला कि राकेश कपिल का हंसता खेलता परिवार की दुनिया ही उजड़ गई। घायल मासूम का हल्द्वानी के बृजलाल अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मुखानी के लोगों का कहना था कि राकेश कपिल अपनी पत्नी दीपा और बेटियों के साथ देवी के दरबार में परिवार के सकुशल रहने की मन्नत मांगने के लिए गए थे लेकिन उनकी मन्नत पूरी नहीं हुई। हंसता खेलता परिवार कार के साथ छिन्न भिन्न हो गया। दुर्घटना में राकेश की निशानी के नाम पर सिर्फ चार साल की घायल श्रेया ही बची।
राकेश के परिवार के संग जाने वाली भाजपा नेता और व्यवसायी विनीत अग्रवाल की पत्नी की कोई संतान नही थी। उनकी पत्नी सोना का सोचना था कि मां के दरबार में मन्नत मांगने से उनकी गोंद भर जाएगी लेकिन काल की गति को कोई नहीं जानता है। एक झटके में पत्नी की मौत से पति के भी सपने बिखर गए। इधर घायल बच्ची का बृजलाल अस्पताल में इलाज चल रहा है। परिवार के लोग व्यवसायी राकेश और उसकी पत्नी सहित चार लोगों का शव लेकर आ रहे हैं। देर रात तक शवों के आने की संभावना जताई जा रही है। इधर परिवार के लोगों का रोते रोते बुरा हाल हो गया है।