फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहीद मेजर की अंतिम यात्रा में उमड़ा जन सैलाब

Sat, 05 Aug 2017 02:06 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, हल्द्वानी।
विज्ञापन
शहीद मेजर की अंतिम यात्रा में उमड़ा जन सैलाब - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
हल्द्वानी। जब तक सूरज चांद रहेगा, कमलेश तेरा नाम रहेगा... वंदेमातरम... पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारों के बीच शुक्रवार को शहीद मेजर कमलेश पांडे का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनकी अंतिम यात्रा में मानो पूरा शहर उमड़ पड़ा, सड़क के दोनों ओर तिल रखने तक की जगह नहीं थी। रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट पर कुमाऊं रेजीमेंट के जवानों ने अपने इस जांबाज साथी को अंतिम सलामी दी। इस दौरान मेघ भी बारिश के रूप में शहीद के परिजनों के दुख में शरीक थे।
विज्ञापन

 
इससे पहले 62 राष्ट्रीय रायफल्स के कैप्टन आलोक गायकवाड़ के नेतृत्व में एक टीम जम्मू कश्मीर में शहीद हुए मेजर कमलेश पांडे का पार्थिव शरीर लेकर बृहस्पतिवार रात बरेली छावनी पहुंची। यहां श्रद्धांजलि देने के बाद शुक्रवार को सैन्य अधिकारी विशेष विमान से शहीद का शव लेकर हल्द्वानी एयरोड्रम पर उतरे। सैन्य अधिकारी अपनी गाड़ी से मेजर के पार्थिव शरीर को लेकर कांतिपुरम हिम्मतपुर मल्ला स्थित घर पहुंचे तो वहां कोहराम मच गया।

ताबूत में ढके अपने लाल के पार्थिव शरीर को देखते ही मां शांति देवी उससे लिपट गईं। पत्नी और बहन और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों के करुण क्रंदन से वहां मौजूद हजारों लोगों की आंखें भी नम हो गईं। इसी बीच मेजर के आवास पर शहीद के अंतिम दर्शन करने वालों की भीड़ बढ़ती ही जा रही थी। मां-पत्नी और बहन रोते-रोते गिर पड़ीं। इस बीच कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य भी पहुंच गए।
विज्ञापन


वह घर से लेकर घाट तक मौजूद रहे। शहीद कमलेश पांडे के पार्थिव शरीर को सगे भाई धीरज पांडे ने मुखाग्नि दी। इस दौरान नदी के किनारे से लेकर शनि मंदिर के ऊपर तक काफी लोगों की भीड़ मौजूद थी। बरसात का तेज पानी भी लोगों के हौसले को डिगा नहीं सका। इस मौके पर सेना के ब्रिगेडियर आतिश चहल, मेयर डॉ. जोगेंद्र सिंह रौतेला, डीएम दीपेंद्र चौधरी, एसएसपी जन्मेजय खंडूरी, एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी बीएस रौतेला आदि मौजूद रहे।   
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें