हल्द्वानी। कुमाऊं रेंज की पुलिस महानिरीक्षक निवेदिता कुकरेती ने मंगलवार को अपराध समीक्षा बैठक की। उन्होंने लंबित विवेचनाओं और देरी से दाखिल हो रहीं चार्जशीट पर नाराजगी जताई। पुलिस महानिरीक्षक ने इनके जल्द निस्तारण के निर्देश दिए।
बैठक में सभी छह जिलों के कप्तान शामिल हुए। पुलिस महानिरीक्षक ने अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने पुलिसिंग को अधिक जवाबदेह व तकनीक आधारित बनाने के भी निर्देश दिए। इसके साथ ही मालखाना पोर्टल और सीसीटीएनएस की दैनिक अपराध रिपोर्ट देने की बात कही। इस वर्ष अब तक एनडीपीएस के 382 मामले दर्ज हुए जिनमें 519 आरोपी गिरफ्तार किए गए। इनमें वाणिज्यिक मात्रा के 32 मामले और उनके 55 आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने 12 अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की। कुमाऊं पुलिस ने अब तक 25 करोड़ 66 लाख 71 हजार 407 रुपये के मादक पदार्थ पकड़े हैं।
अपराधों के खुलासे की स्थिति
पुलिस महानिरीक्षक ने विभिन्न अपराधों के खुलासों पर कप्तानों की सराहना की। बैठक में बताया गया कि डकैती, दुष्कर्म और वाहन लूट के 100 फीसदी मामलों का खुलासा हुआ है। लूट के 94 फीसदी, हत्या के 96 फीसदी और महिला अपहरण के 96 फीसदी मामलों को सुलझाया गया। चोरी के 76 फीसदी, चैन छिनौती के 79 फीसदी और दहेज हत्या के 93 फीसदी मामलों का भी खुलासा हुआ है।