नैनीताल। नैनीताल आने वाले पर्यटकों को अपने साथ कोरोना जांच की निगेटिव रिपोर्ट या वैक्सीन की डबल डोज का सर्टिफिकेट लाना जरूरी होगा। इस संबंध में जिला प्रशासन ने होटल एसोसिएशन को निर्देश जारी कर दिए हैं।
कोरोना के बढ़ते मामले और कोविड के नए वेरिएंट के आते ही जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। एसडीएम प्रतीक जैन ने बताया कि होटल एसोसिएशन को निर्देशित किया है कि वह पर्यटकों को कमरे देने से पहले उनसे आरटीपीसीआर टेस्ट की निगेटिव रिपोर्ट या कोविड टीके की दोनों डोजों का प्रमाण पत्र लें। स्वास्थ्य विभाग को बाजार क्षेत्र में रैंडम कोविड जांच करने के निर्देश दिए हैं।
बिना मास्क घूमने पर पुलिस करेगी चालान
नैनीताल/हल्द्वानी। एसडीएम प्रतीक जैन ने पुलिस से कहा गया है कि जो भी व्यक्ति बिना मास्क के घूमे उसके खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाए। सोमवार को इसका असर भी दिखा। पुलिस ने बिना मास्क घूमने पर 19 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। उधर, हल्द्वानी में कोतवाली पुलिस ने शहर में सौ लोगों को मास्क बांटे। कोतवाल अरुण सैनी ने बताया कि मास्क नहीं पहनने पर अब मंगलवार से चालान किया जाएगा।