हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज में व्यक्ति कोरोना को टीका लगाती स्वास्थ्य कर्मी। अमर उजाला
- फोटो : HALDWANI
हल्द्वानी। कोरोना के लगातर बढ़ रहे मरीजों को देखते हुए सुशीला तिवारी अस्पताल में सौ ऑक्सीजन बेड बढ़ा दिए गए हैं। एसटीएच में ऑक्सीजन के अब छह सौ बेड हो गए हैं। मिनी स्टेडियम हल्द्वानी में एक मई से 150 बेड का अस्थायी कोविड अस्पताल शुरू हो जाएगा।
सीडीओ नरेंद्र सिंह भंडारी रविवार को मिनी स्टेडियम हल्द्वानी पहुंचे और 150 बेड के अस्थायी अस्पताल का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन लाइन बिछाने का काम युद्ध स्तर पर पूरा किया जाए। डॉक्टर एवं पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती के साथ ही अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी समय से पूरी की जाएं। यह अस्थायी अस्पताल 24 घंटे काम करेगा। उन्होंने कहा कि दूसरे कई प्राइवेट अस्पतालों को पूरी तरह से कोविड हॉस्पिटल के रूप में अधिगृहीत करने की योजना पर काम किया जा रहा है। इस दौरान एसडीएम विवेक राय, एसीएमओ डॉ. तरुण कुमार टम्टा आदि थे।
कार्यालय बंद होने के बाद भी मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे कर्मचारी
हल्द्वानी। डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल ने कहा कि शासन ने 28 अप्रैल तक सभी सरकारी कार्यालय बंद करने के आदेश दिए हैं। इस अवधि में कोई भी अधिकारी या कर्मचारी अपने तैनाती स्थल या मुख्यालय को नहीं छोड़ेगा। साथ ही कोई अधिकारी या कर्मचारी अपना मोबाइल स्विच ऑफ नहीं करेगा। जरूरत पड़ने पर किसी भी समय किसी अधिकारी या कर्मचारी को कार्यालय बुलाया जा सकता है।
सीडीओ की रिपोर्ट आई निगेटिव, काम पर लौटे
हल्द्वानी। सीडीओ नरेंद्र सिंह भंडारी की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। वह काम पर लौट आए हैं। कोरोना पॉजीटिव होने के बाद भी 15 दिनों से होम आइसोलेशन में रह कर दायित्वों का निर्वहन कर रहे थे।