नगर किर्तन के चलते हल्द्वानी की नैनीताल रोड पर लगा जाम। अमर उजाला
हल्द्वानी। जुलूस के चलते रूट डायवर्ट करने से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था शुक्रवार को पूरी तरह धड़ाम हो गई। वैकल्पिक मार्गों पर पुलिस की तैनाती नहीं होने से लोगों को घंटों जाम में जूझना पड़ा। वाहनों के आड़े-तिरछे खड़े होने से भी व्यवस्था चरमराई रही। वहीं, रोडवेज बसें चार घंटे देरी से बस अड्डे पर पहुंचीं। इससे यात्री भी काफी परेशान रहे, जबकि रोडवेज की 30 बसें रूट पर ही नहीं जा सकी। इससे विभाग को करीब दो लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।
शुक्रवार को जुलूस के चलते पुलिस ने मंडी बाइपास, काठगोदाम, टीपीनगर से रूट डायवर्ट किया था। इस कारण रोडवेज की बसें कार्यशालाओं से बाहर नहीं निकल सकी और न रूट पर गई बसें वापस ही आ सकी। उधर, सिटी बसें भी काठगोदाम से हल्द्वानी नहीं आ पाई।
इसके चलते नैनीताल, टनकपुर, किच्छा, रुद्रपुर, दिल्ली, देहरादून, बरेली सहित कोई भी रूट की बसें रोडवेज बस अड्डे में नहीं पहुंची। नतीजतन करीब 1500 यात्री बस के लिए इधर-उधर फिरते रहे। स्टेशन इंचार्ज डीएन जोशी ने बताया कि करीब 30 बसें रूट पर नहीं जा सकी। इस कारण रोडवेज को करीब दो लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। उन्होंने बताया कि देर शाम बसें सामान्य हो गई।