बॉम्बे हॉस्पिटल में दर्जा राज्यमंत्री प्रकाश हरबोला ने मारा छापा। सडक पर पड़ा मिला बॉयोमेडिकल व
- फोटो : HALDWANI
हल्द्वानी। नगरीय पर्यावरण संरक्षण परिषद के उपाध्यक्ष प्रकाश हर्बोला को सोमवार को कूड़ा प्रबंधन की हकीकत दिखी। नगर निगम में बैठक के बाद वे निरीक्षण को निकले तो अस्पतालों के आसपास बायोमेडिकल वेस्ट सड़क पर फैला मिला। नगर निगम के कंट्रोल रूम में ताला पड़ा हुआ था। ट्रंचिंग ग्राउंड में भी आग लगे होने के प्रमाण मिले। इससे नाराज होकर उन्होंने मौके पर मौजूद एसडीएम और एसीएमओ को निर्देश दिए कि अस्पतालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने नगर निगम की पारदर्शिता पर भी संदेह जताया।
बॉबे हॉस्पिटल और स्पर्श हॉस्पिटल के निरीक्षण के दौरान उन्हें बायोमेडिकल वेस्ट इधर-उधर बिखरा मिला। उन्होंने इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने एसडीएम और एसीएमओ को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अमर उजाला से बातचीत में प्रकाश हर्बोला ने बताया कि अस्पतालों पर अधिक से अधिक जुर्माना लगाने को कहा गया है। जुर्माने की राशि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड तय करेगा। दोनों अस्पतालों को नोटिस भेज दिए गए हैं। नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी उन्होंने सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि नगर निगम के अधिकारियों ने कूड़ा उठाने वाले वाहनों में जीपीएस लगे होने की जानकारी दी लेकिन जब उन्होंने नगर निगम के कंट्रोल रूम में जाकर इसकी सत्यता जांचने निगम के कंट्रोल रूम में गए तो वाहनों में जीपीएस लगे होने की जानकारी देने वाला अधिकारी कंट्रोल रूम में ताला लगाकर भाग गया। उन्होंने कहा कि उन्हें संदेह है कि कूड़ा उठाने वाले वाहनों में जीपीएस नहीं लगा है। इसके अलावा उन्होंने ट्रंचिंग ग्राउंड की आग के संबंध में भी आशंका जताई कि वहां लगने वाली आग में भी निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों का हाथ हो सकता है। उन्होंने कहा कि कूड़ा प्रबंधन में इस तरह की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।