रामनगर निर्दलीय प्रत्याशी संजय नेगी का होर्डिंग, जिसे फाड़कर जलाया गया था।
- फोटो : RAMNAGAR
रामनगर। निर्दलीय प्रत्याशी संजय नेगी के लखनपुर में लगे एक होर्डिंग को पेट्रोल डालकर जला दिया गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को पकड़ लिया है। एक आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
निर्दलीय प्रत्याशी संजय नेगी ने कोतवाली में तहरीर देकर कहा कि शुक्रवार को लखनपुर क्षेत्र के ग्राम बेड़ाझाल निवासी रोहित पांडे निवासी ब्लॉक ऑफिस विनायक कुमार और दो अन्य लोगों ने मेरे होर्डिंग पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इसकी सूचना उन्हें गौरव बंगारी ने दी। कहा उक्त लोग आगे भी किसी तरह की घटना को अंजाम दे सकते हैं। उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की।
कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि निर्दलीय प्रत्याशी संजय नेगी के होर्डिंग पर पेट्रोल डालकर आग लगाने के मामले में रोहित पांडे, विनायक कुमार, सुजल कुमार और अन्य के खिलाफ धारा 427, 435, 127/136 लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। एसआई कृपाल सिंह ने आरोपी विनायक को शनिवार सुबह गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने जेल भेज दिया। पुलिस ने शाम को रोहित पांडे और सुजल कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।