लालकुआं विधानसभा सीट से कांग्रेस पार्टी से दावेदारी कर रहे किरन डालाकोटी और संध्या डालाकोटी ने जन आशीष महापंचायत के बहाने शक्ति प्रदर्शन किया। महापंचायत में आशा के अनुरूप भीड़ नहीं जुटी, लेकिन वह लालकुआं विधानसभा में अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कराने में सफल रहे। एक तरह से यह शो कांग्रेस को भी आइना दिखाने के समान ही रहा।
गोरा पड़ाव (तीनपानी) में आयोजित की गई महापंचायत में लालकुआं, बिंदुखत्ता से भी लोगों की भागीदारी रही लेकिन अधिक लोग गौलापार, नंधौर वैली, बरेली रोड, तल्ली हल्द्वानी, गौजाजाली, मंडी, तीन पानी, मोटाहल्दू आदि जगहों से पहुंचे थे।
महापंचायत में तीन हजार कुर्सियां लगाए जाने की बातें समर्थकों द्वारा कही जा रही थी। करीब एक हजार लोग पहुंचे थे। मंच से स्वयं किरन डालाकोटी ने इस बात को स्वीकार किया कि जन आशीष महापंचायत में आशा के अनुरूप लोग नहीं पहुंचे। कहा कि जल्द ही निर्वाचन अधिकारी से अनुमति लेकर इससे बड़ी महापंचायत की जाएगी।
महापंचायत स्थल पर लगाए गए पोस्टर में परिवर्तन से विजय की ओर, नई सोच युवा के साथ स्लोगन के अलावा कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रदेश प्रभारी अंबिका सोनी, प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, मुख्यमंत्री हरीश रावत, विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, डॉ. इंदिरा हृदयेश, यशपाल आर्य, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी के फोटो लगाए गए थे।
मंच से किरन डालाकोटी और संध्या डालाकोटी कांग्रेस पार्टी से जुड़े व्यक्ति को ही टिकट देने की बात जरूर कह रहे थे लेकिन महापंचायत के बहाने उन्होंने हाईकमान को यह जताने का प्रयास किया कि वह भी मजबूत दावेदारों में हैं। पोस्टर के जरिए भी अहसास कराया गया कि वह हरीश रावत के साथ ही यशपाल आर्य और प्रकाश जोशी के भी करीबी हैं।
पीडीएफ कोटे के मंत्री हरीश दुर्गापाल को लेकर कांग्रेसी नेता ने साफ कर दिया कि मंत्री को कांग्रेस से टिकट देने पर पार्टी को नुकसान हो सकता है।