बेतालघाट (नैनीताल)। रातीघाट-बेतालघाट मोटर मार्ग में कोसी नदी की ओर सड़क की दीवार टूटने से सड़क नीचे की ओर से खोखली हो गई है। इससे इस स्थान पर कभी भी दुर्घटना हो सकती है। क्षेत्रवासियों ने लोनिवि के अधिकारियों से क्षतिग्रस्त दीवार को ठीक कराने की मांग की है।
पिछले दिनों हुई बारिश के दौरान इस मार्ग में पुल से कुछ दूरी पर सड़क के नीचे की ओर की दीवार के टूटने से सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और सड़क भीतर की ओर से खोखली हो गई है। इस मार्ग से रोज सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। इससे इस स्थान पर कभी भी हादसा होने की संभावना है। वहीं, सड़क किनारे लगाए गए रिफ्लेक्टर में घटिया निर्माण सामग्री का प्रयोग होने के कारण अधिकांश रिफ्लेक्टर टूट गए हैं। इनमें से कई रिफ्लेक्टरों को शरारती तत्वों ने नदी में फेंक दिया है। ब्यूरो
सिमलिया साननी रोड का निर्माण जल्द कराएं अधिकारी : कैड़ा
भीमताल (नैनीताल)। विधायक राम सिंह कैड़ा ने जिला प्रशासन और लोनिवि के अधिकारियों से ओखलकांडा ब्लॉक के सिमलिया साननी मार्ग का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने को कहा। कैड़ा का कहना है कि बड़ौन से आगे साननी तक की सड़क कच्ची है लेकिन इससे आगे दो स्थानों पर सड़क कटान न होने के कारण लोगों को इस सड़क का लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन से अमृतपुर-अमिया-जमरानी मार्ग की दशा भी सुधारने को कहा।
बताया कि क्षेत्र में कई गांव ऐसे हैं जो सड़क से नहीं जुड़े हैं और ऐसे गांवों में मरीजों, गर्भवती महिलाओं को डोली, कुर्सी पर बैठाकर रोड हेड तक लाना पड़ता है। उनका प्रयास है कि ऐसे सभी गांवों में विधायक निधि से सड़क सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने बताया कि पटरानी, ककोड़, गाजा, गौनियारो, नाई, चकदलाड़, थली, मोहनागांव, अधौड़ा समेत 14 सड़कों का कटान कार्य विधायक निधि से कराया जा रहा है ताकि लोगों को निकट भविष्य में सड़क सुविधा का लाभ उपलब्ध कराया जा सके।
दीपावली पर युवाओं ने की खनस्यू पैदल मार्ग की सफाई
पतलोट (नैनीताल)। ओखलकांडा ब्लॉक के खनस्यू क्षेत्र के युवाओं ने दीपावली के मौके पर बृहस्पतिवार को तीन गांवों को जोड़ने वाले तीन किमी पैदल मार्ग को झाड़ियां और घास काटकर सफाई की। सामाजिक कार्यकर्ता चंद्रशेखर सुयाल ने बताया कि कई बार शासन-प्रशासन से उक्त पैदल मार्ग की सफाई कराने की मांग की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बृहस्पतिवार को युवाओं ने खुद ही मार्ग की सफाई की।
युवाओं ने बताया कि यह पैदल रास्ता खनस्यू कस्बे से तीन किमी दूर में गर्ग आश्रम (शिवालय), पश्यां, देवली, पोखरी ग्राम सभाओं को जोड़ता है। देवली, पोखरी, पश्यां आदि गांवों के ग्रामीण वर्षों से खनस्यू कस्बे की दुकानों से सामान लेने व अन्य कामकाज के लिए इस मार्ग का प्रयोग करते हैं। मोटर मार्ग की तुलना में यह पैदल रास्ता ग्रामीणों के लिए 15 से 20 किमी तक नजदीक पड़ता है। सफाई करने वालों में सामाजिक कार्यकर्ता चंद्रशेखर सुयाल, विनोद पोखरिया, पंकज सुयाल, योगेश पलड़िया आदि थे।