मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि जंगली जानवरों विशेषकर बंदरों से
खेतीबाड़ी को बचाने के लिए सरकार शीघ्र ही हरिद्वार और अल्मोड़ा में बंदर
बाड़े स्थापित करने जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से मडु़वा, चौलाई और
काले भट्ट की खेती करने को कहा। सीएम ने ब्लाक में दर्जन भर से अधिक मोटर
मार्गों के निर्माण, रोपा गांव में पेयजल लाइन बिछवाने, बेतालघाट एवं
भतरौजखान में टैक्सी स्टैंड बनवाने और डिग्री कालेज का नामकरण शहीद
खेमचंद्र के नाम से कराने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री रावत रविवार को साढ़े ग्यारह करोड़ की विकास योजनाओं के
शिलान्यास/लोकार्पण के बाद राइंका मैदान में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक ब्लाक में राजीव गांधी अभिनव विद्यालय स्थापित
किए जाएंगे, जहां प्राथमिक स्तर से ही अंग्रेजी का ज्ञान दिया जाएगा और
9वीं कक्षा से परास्नातक स्तर तक स्किल योजना के तहत विद्यार्थियों के हुनर
को तराशा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने भवन निर्माण करने वाले कारीगरों और पुरोहितों के लिए पेंशन
योजना शुरू करने की जानकारी दी और आशा कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वह
मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना की जानकारी घर-घर जाकर दें। इसके एवज में
उन्हें भी लाभांश दिया जाएगा।
इस मौके पर कबीना मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल, विधायक सरिता आर्या, ब्लाक
प्रमुख सतीश नैनवाल, प्रदीप पंत, जिलाधिकारी दीपक रावत, एसडीएम सीएस
मर्तोलिया, नवीन जोशी, वीरेंद्र रावत, सुरेश चंद्र, अंकित शाह, राधिका
देवी, चंपा बोरा, आनंद सिंह मेहरा, संजू वर्मा आदि थे। संचालन शंकर जोशी ने
किया।
11 करोड़ 50 लाख की इन योजनाओं का किया शिलान्यास/लोकार्पण
-197.88 लाख का तल्ली पाली-मल्ली पाली सूखा मोटर मार्ग पुनर्निर्माण।
-268.81 लाख का ड्यूलकोट-सिमराड़-पांगगधेरा मोटर मार्ग निर्माण।
-383 लाख की पटोड़ा-जोशीखोला-हल्द्यानी मोटर मार्ग का सुधार।
-282 लाख की चमड़िया-छियोड़ी मोटर मार्ग निर्माण।
-15 लाख की लागत से ग्रामसभा क्रयाल में सीसी रोड निर्माण।
-कालाढूंगी विधानसभा के हरिपुरा संपूर्णानंद में विकास कार्यों के लिए 9 लाख की योजनाएं।
सीएम के आगमन की सूचना मिलते ही राइंका मैदान में
रविवार को सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। भीड़ में कई
बुजुर्ग ऐसे थे जो अपने पुराने मित्र हरीश रावत से मिलने के लिए दूरदराज के
गांवों से यहां पहुंचे थे। रविवार की छुट्टी के चलते बड़ी संख्या में
स्कूली बच्चे भी हैलीकाप्टर देखने के लिए मैदान में पहुंचे थे।
भीड़ में यशपाल को खोजते दिखे कई लोग
बेतालघाट (नैनीताल)। लोगों को उम्मीद थी कि सिंचाई मंत्री और क्षेत्र के
लंबे समय तक विधायक रहे यशपाल आर्य भी मुख्यमंत्री के साथ यहां पहुंचेंगे।
यही कारण था कि भीड़ में कई लोग यशपाल को खोजते नजर आए।