बनभूलपुरा में करीब 20 शादियां टलीं
बनभूलपुरा में हिंसा का असर शादियों पर भी पड़ा है। करीब 20 शादियां टल गई हैं। जानकारी के अनुसार क्षेत्र में सात से 20 फरवरी के बीच 15 से 20 शादियां होनी थी मगर कर्फ्यू के कारण फिलहाल शादियां कैंसिल हो गई हैं। मोहम्मद इलियास की बेटी की शादी 16 को होनी है, लेकिन उन्होंने फिलहाल तारीख आगे बढ़ा ली है। मो. शकील की शादी भी अब 17 फरवरी को नहीं हो सकेगी। मो. यासीन की बेटे की शादी भी 17 फरवरी को होनी थी, लेकिन अब उन्होंने भी तारीख आगे बढ़ा ली है।
फूल हो गए खराब, जयमाला के ऑर्डर भी कैंसिल
बनभूलपुरा में पथराव और आगजनी के कारण फूल कारोबार भी प्रभावित हुआ है। दुकानें बंद होने के कारण वैलेंटाइन वीक और शादी समारोह के लिए मंगाए गए फूल खराब हो गए हैं। जयमाला के ऑर्डर भी कैंसिल हो गए हैं।
सात फरवरी को रोज डे था। इस कारण दुकानदारों ने गुलाब के फूल विशेष रूप से मंगाए थे। वैलेंटाइन वीक को देखते हुए भी फूल कारोबारियों ने गुलाब के फूलों का अलग से स्टॉक मंगाया था। मंगलवार को फूलों का कारोबार करने वाले दुकानदारों ने दुकानें खोली तो फूल खराब मिले। मंगल पड़ाव में फूलों के थोक कारोबारी सुरेंद्र पाल ने बताया कि छह फरवरी को गुलाब के 12 हजार फूल मंगाए थे। सात फरवरी को तीन हजार फूल ही बिके थे। शाम को हिंसा के कारण दुकान बंद कर जाना पड़ा। उन्होंने बताया कि करीब 80 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
फूल कारोबारी अयान ने बताया कि उनके पास जयमाला के छह ऑर्डर थे। इन ऑर्डर की कीमत करीब 23 हजार रुपये थी। 8, 10 और 11 फरवरी को ऑर्डर देने थे। कर्फ्यू के कारण दुकान बंद थी, इस कारण ऑर्डर को पूरा करना संभव नहीं था। एडवांस लिया हुआ था। ग्राहकों को फोन कर जय माला के ऑर्डर कैंसिल कर दिए।