हल्द्वानी। रेलवे प्रशासन हल्द्वानी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म को चकाचक करने में जुटा है, लेकिन बाहर यात्रियों को दुर्गंध का सामना करना पड़ता है। यात्रियों की सुविधा के लिए प्लेटफार्म नंबर एक की लंबाई बढ़ाने के साथ ही टीन शेड से कवर्ड किया जा रहा है।
हल्द्वानी रेलवे स्टेशन पर आंतरिक मरम्मत का कार्य चल रहा है। स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर यात्रियों को धूप और बारिश से बचाने के लिए टीन शेड लगाया जा रहा है। शेड लगने से अब यात्रियों को भीषण गर्मी में राहत मिलेगी।
रेलवे अधिकारी ने बताया कि प्लेटफार्म नंबर एक पर करीब 32 मीटर लंबा और 16 मीटर चौड़ा शेड बनाया जा रहा है। फर्श भी सुधारा जा रहा है। इस प्लेटफार्म की लंबाई 400 मीटर हैं, जिसमें करीब 100 मीटर का क्षेत्र खराब पड़ा था। इधर, स्टेशन के प्रवेश द्वार पर लगे गंदगी के ढेर यात्रियों के लिए परेशानी बढ़ा रहे हैं। संवाद