जमानत अर्जी पर लिखे पते से पुलिस के दिल्ली पहुंचने की चर्चा
शनिवार को अब्दुल मलिक ने तीन वकीलों के माध्यम से हल्द्वानी सेशन कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी। सूत्र बताते हैं कि इस याचिका में अब्दुल मलिक का वर्तमान पता और एक दिल्ली का पता लिखा था। इस पते से ही पुलिस दिल्ली पहुंची और मलिक को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि पुलिस ने अब्दुल मलिक को दिल्ली कहां से गिरफ्तार किया है अभी तक इसकी जानकारी नहीं दी गई है।
शनिवार को तीन अधिवक्ताओं की ओर से हल्द्वानी सेशन कोर्ट में मलिक की अग्रिम जमानत अर्जी दाखिल की गई। इसमें पांच पेज की बेल एप्लीकेशन, छह बेल शपथपत्र, तीन पेज की स्टे एप्लीकेशन, स्टे एप्लीकेशन के 10 शपथ पत्र और 11 पेज का वकालतनामा कोर्ट में पेश किया गया था। 27 फरवरी को कोर्ट ने याचिका पर सुनवाई की तारीख दी थी। यह सुनवाई एडीजे कोर्ट प्रथम में होनी थी। शनिवार की दोपहर जमानत अर्जी दाखिल हुई और शाम तक अब्दुल मलिक की गिरफ्तारी की बात सामने आ गई।
अग्रिम जमानत याचिका में मलिक के स्थायी पते के साथ-साथ उसका वर्तमान पता भी डाला गया था। सूत्र बताते हैं कि इस पते से ही दिल्ली में मौजूद टीम ने उस पते से अब्दुल मलिक को धर दबोचा। अब्दुल मलिक के पकड़े जाने की सूचना भी सबसे पहले अब्दुल मलिक के वकीलों की तरफ से आई। शाम को पुलिस ने भी इसकी पुष्टि कर दी।