हल्द्वानी शहर के बड़े कारोबारी को हनी ट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करके ज्योति सिंह प्रत्येक माह 40 हजार रुपये की एकमुश्त राशि वसूलती थी। दबाव बनाने के लिए महिला ने व्यापारी को अपनी बेटी का जैविक पिता बताया था। करोड़ों की नकदी और प्लॉट लेने के बाद अब उसकी नजर कारोबारी के पेट्रोल पंप पर थी। पुलिस की शुरुआती जांच में व्यापारी के लगाए सभी आरोप पुष्ट हुए हैं।
हनी ट्रैप मामले में कई नई बातें सामने आई हैं। पुलिस के अनुसार, पिछले दो वर्षों से आरोपी महिला ज्योति सिंह अपनी बेटी की बीमारी के इलाज और अपने खर्चे की बात कहकर व्यापारी से प्रतिमाह 40 हजार रुपये वसूल रही थी। अब तक करीब 9.60 लाख रुपये वसूल चुकी थी। यह रकम पांच करोड़ की नकदी और दो करोड़ रुपये कीमत के चार प्लॉट की वसूली से इतर है। किसी माह अगर व्यापारी को रुपये देने में देरी होती तो महिला उसे मैसेज और कॉल करके परेशान करती थी।
पेट्रोल पंप की थी डिमांड
जांच में पता चला कि ज्योति सिंह व्यापारी पर पेट्रोल पंप नाम करने का दबाव बना रही थी। उसका कहना था कि पेट्रोल पंप उसकी बेटी के नाम किया जाए और बेटी के बालिग होने तक वह उसकी केयर टेकर तौर पर उसे पंप का स्वामी बनाया जाए। यहां तक कि आरोपी महिला ने व्यापारी से बतौर पत्नी उनके मकान में हिस्सा देने तक की बात कही और न देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी थी।
एसएसपी ने की काउंसलिंग, तब दी तहरीर
मानसिक तनाव से जूझ रहे व्यापारी जब मौखिक शिकायत लेकर एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के पास पहुंचे तब उन्होंने दो दिन तक व्यापारी की काउंसलिंग की। पहले दिन एसएसपी से बातचीत के बाद व्यापारी ने अपनी पत्नी और अन्य परिजनों को सब कुछ बताया। इसके बाद अगले दिन एसएसपी ने कार्रवाई करने और पुलिस का पूरा साथ मिलने का आश्वासन देकर भरोसा दिलाया। तब व्यापारी ने प्राथमिकी दर्ज कराई।
व्यापारी के मोबाइल में महिला आरोपी के भेजे धमकी देने और रुपयों की डिमांड करने के मैसेज, रिकॉर्डिंग व अन्य जरूरी साक्ष्य मिले हैं। सभी की जांच जारी है। अगर कोई भी व्यक्ति इसी तरह हनी ट्रैप का शिकार हुआ है तो वह बिना डरे पुलिस के पास आए, गोपनीयता रखते हुए आरोपियों पर कार्रवाई और पीड़ित की मदद की जाएगी। - डॉ. मंजुनाथ टीसी, एसएसपी नैनीताल