हल्द्वानी के बनभूलपुरा इलाके में जिला प्रशासन ने कर्फ्यू में राहत दी है। अब थाना बनभूलपुरा क्षेत्र के अंतर्गत कर्फ्यू रात दस बजे से सुबह पांच बजे तक रहेगा। इसे लेकर जिलाधिकारी वंदना ने आदेश जारी कर दिया है।
विज्ञापन
सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह ने बताया कि इसके अलावा अतिक्रमण मुक्त स्थल के 100 मीटर के दायरे में कर्फ्यू जारी रहा था, अब वहां के लिए भी यही व्यवस्था लागू रहेगी।
नैनीताल जिला प्रशासन ने रविवार को कहा कि प्रतिबंध अब केवल रात दस बजे से सुबह पांच बजे के बीच ही रहेगा। बता दें कि, हल्द्वानी हिंसा में नामजद आरोपी अजाज कुरैशी की संपत्ति को भी रविवार को कुर्क कर लिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, वह गोपाल मंदिर के पास नई बस्ती का रहने वाला है। हिंसा से जुड़े उपद्रवियों को पकड़ने का सिलसिला जारी है अब तक 58 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि हिंसा का मास्टरमाइंड अब्दुल मलिक और उसका बेटा अब्दुल मोइद अभी भी फरार हैं।