सोमवार को हल्द्वानी और रानीखेत के प्रधान डाकघर भी कोर बैंकिंग सुविधा (सीबीएस) से जुड़ गए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में अब 13 डाकघर सीबीएस से जुड़ गए हैं, इनमें पांच कुमाऊं के हैं। सीबीएस से जुड़ने के बाद उपभोक्ता अब देश के किसी भी कंप्यूटरीकृत पोस्टआफिस से लेन-देन कर सकते हैं।
प्रवर डाक अधीक्षक (नैनीताल) टीआर आर्य ने पोस्टआफिस की सीबीएस सेवा का उद्घाटन करते हुए कहा कि अग्रिम चरण में प्रदेश के सभी उप डाकघरों को कोर बैंकिंग सुविधा से जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही ग्राहकों को कोर बैंकिंग और एटीएम सुविधा सुविधा प्राप्त हो जाएगी। उन्होंने बताया कि इससे पहले उत्तराखंड परिमंडल के देहरादून जीपीओ, ऋषिकेश मुख्य डाकघर, देहरादून कैंट प्रधान डाकघर, गोपेश्वर प्रधान डाकघर, कोटद्वार प्रधान डाकघर, अल्मोड़ा, टिहरी, नैनीताल प्रधान डाकघर, पौड़ी, पिथौरागढ़, रानीखेत और लैंसडौन डाकघर कोर बैंकिंग सुविधा से जुड़ चुके हैं।
उन्होंने कहा कि यह डाकघरों के लिए क्रांतिकारी शुरुआत है। नैनीताल मंडल के सभी डाकघरों को जल्द ही कोर बैंकिंग सुविधा से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल कोर बैंकिंग सुविधा का लाभ डाकघरों में ही उपलब्ध होगी। सीबीएस बैंकों से इसका कोई संबंध नहीं है। भविष्य में अन्य बैंकों के साथ भी कोर बैंकिंग का लाभ मिलेगा। भविष्य में ग्राहकों को इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग की सुविधा भी दी जाएगी।
इस दौरान नूपुर उपाध्याय को पहली कोर बैंकिंग पासबुक दी गई। उद्घाटन अवसर पर सहायक डाक अधीक्षक आरके बिनवाल, प्रकाश राम, पोस्टमास्टर वाईके बमेठा, एनआईएसजी एक्जीक्यूटिव गौरव शर्मा, जीवन चंद्र, जितेंद्र मर्तोलिया, गिरीश चंद्र बिनवाल, प्रदीप उप्रेती, विनय ढौंडियाल, रोहित धमीजा आदि थे। वहीं, रानीखेत में मालरोड स्थित सबसे पुराना प्रधान डाकघर भी सोमवार को कोर बैंकिंग सुविधा (सीबीएस) से जुड़ गया है। मुख्य अतिथि अल्मोड़ा मंडल के अधीक्षक डीएस राणा ने कोर बैंकिंग सुविधा का उद्घाटन किया।
दो महीने में मिलने लगेगी एटीएम सुविधा
प्रवर डाक अधीक्षक (नैनीताल) टीआर आर्य ने बताया कि प्रधान डाकघर हल्द्वानी में एटीएम लगाने की सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। एटीएम कक्ष भी तैयार कर लिया गया है। दो माह के भीतर उपभोक्ताओं को एटीएम सुविधा का लाभ भी मिलने लगेगा।