धनाचूली(नैनीताल)। सोमवार को हुई ओलावृष्टि से पहाड़पानी क्षेत्र में फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। क्षेत्रीय लोगों के अनुसार ओलावृष्टि से करीब दस लाख की फसल प्रभावित हुई है। काश्तकार फसलों के मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
सुबह बूंदाबांदी के बाद हुई ओलावृष्टि से कुछ देर तक यातायात भी बाधित रहा। धारी ब्लाक में पहाड़पानी क्षेत्र के नदगल, महतोलिया, दीनी, मंजुली व सेलालेख गांव में ओलावृष्टि से पुलम, खुमानी, सेब, नाशपाती के साथ ही आलू व मटर की फसलें चौपट हुई हैं। किसानों का कहना है ओलावृष्टि से हुई तबाही के बाद फसलों के बीज और दवा के अतिरिक्त खर्च का बोझ काश्तकारों पर आ गया है। मौसम से करीब दस लाख का फल व अनाज नष्ट होने की आशंका जताई जा रही है। सामाजिक कार्यकर्ता मनोज जोशी ने बताया काश्तकार नष्ट फसल के मुआवजे की मांग कर रहे हैं।