नगर पालिका में आयोजित कार्यक्रम में मंचासीन पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत व अन्य।
रामनगर। पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि पहलगाम में आतंकी घटना हृदय विदारक है। पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) आतंकवाद की पनाहगाह बन चुकी है। इसलिए सरकार को जल्द पीओके को वापस लेना चाहिए।
पूर्व सीएम रावत रामनगर में पालिकाध्यक्ष हाजी मो. अकरम के अभिनंदन समारोह में शुक्रवार शाम पांच बजे शामिल हुए। उन्होंने कहा कि बेकसूर पर्यटकों पर गोली चलाना कायरता की निशानी है। अब केंद्र सरकार को इस पर कड़ा रुख अपनाना चाहिए। पूरा देश एकजुट होकर सरकार के साथ है। पीओके भारत का अभिन्न अंग है इसलिए उसे जल्द वापस लेना चाहिए। बताया कि वह चेयरमैन हाजी अकरम के लिए चुनाव में वोट मांगने आए थे और उनके विजयी होने पर रामनगर की जनता का अभिनंदन करता हूं।
कार्यक्रम में जेष्ठ प्रमुख संजय नेगी, पूर्व दर्जाधारी पुष्कर दुर्गापाल, डाॅ. निशांत पपनै, कांग्रेस सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष मोहन फर्त्याल, ताईफ खान, राहुल डंगवाल, राहुल कांडपाल आदि मौजूद रहे।