हल्द्वानी। चोरगलिया रोड के सुरक्षा कार्य में लगी दो पोकलेन मशीनों से चार लाख के उपकरण चोरी हो गई उड़ा लिए गए। पुलिस की लापरवाही का नतीजा यह हुआ कि पांच दिन पहले चोरी की सूचना पर कोई कार्रवाई नहीं की और चोरों ने फिर वारदात को अंजाम दे दिया।
लोनिवि की ओर से चोरगलिया रोड को बचाने के लिए सुरक्षा कार्य कराया जा रहा है। नदी में पानी का बहाव रोकने के साथ ही अन्य कार्याें के लिए किराये की पोकलेन मशीनें लगाई गई हैं। रेलवे बाजार निवासी मो.बिलाल वारिस ने बनभूलपुरा पुलिस को सौंपी तहरीर में कहा है कि बृहस्पतिवार को नदी में काम करने के लिए दो पोकलेन मशीनें लगाई गई थीं।
रात आठ बजे तक काम किया गया। इसके बाद मशीन खड़ी कर चालक चला गया। देर रात चोरों ने टूल किट, ईसीएम, फ्यूज बॉक्स, ग्रीस की बाल्टी उड़ा ली। इससे पहले 28 सितंबर को भी चोरों ने नदी में खड़ी मशीन से बैटरी, वायरिंग आदि चुरा ली थी। चोर करीब चार लाख का माल ले गए हैं। बिलाल के अनुसार मामले की सूचना इसके अगले दिन बनभूलपुरा पुलिस को दी गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।