फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राज्यपाल ने राजभवन गोल्फ क्लब का सदस्यता शुल्क एक लाख से घटाकर 51 हजार किया

विज्ञापन
नैनीताल स्थित राजभवन में गोल्फ क्लब की कार्य परिषद की बैठक लेते राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत - फोटो : NAINITAL
विज्ञापन
नैनीताल। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने राजभवन परिसर स्थित गोल्फ मैदान में आयोजित होने वाली 18वीं गवर्नर्स गोल्फ कप प्रतियोगिता की तिथि घोषित करने के साथ ही गोल्फ क्लब का सदस्यता शुल्क भी घटा दिया है। गोल्फ प्रतियोगिता इस बार 16 से 18 सितंबर तक होगी। उत्तराखंड के लोगों के लिए क्लब का सदस्यता शुल्क एक लाख रुपये से घटाकर 51 हजार रुपये कर दिया गया है।
विज्ञापन

यह निर्णय बृहस्पतिवार को राज्यपाल की अध्यक्षता में आयोजित राजभवन गोल्फ क्लब की कार्य परिषद की बैठक में लिया गया। राज्यपाल ने प्रतियोगिता को आकर्षक और सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित कराने के लिए तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने गोल्फ क्लब की सदस्यता बढ़ाने के लिए उसका सदस्यता शुल्क घटाने की भी मंजूरी दी। तय किया गया कि अब उत्तराखंड के निवासियों के लिए पहले से निर्धारित सदस्यता शुल्क एक लाख रुपये से घटाकर 51 हजार रुपये, जूनियर खिलाड़ियों के लिए 25,000 से घटाकर 12,000 रुपये, संस्थागत सदस्यता शुल्क पांच लाख से घटाकर सवा लाख रुपये और कारपोरेट सदस्यता शुल्क छह लाख रुपये से घटाकर ढाई लाख रुपये होगा।
कार्य परिषद ने गोल्फ कोर्स में लगने वाली ग्रीन फीस (डे एंड प्ले फीस) को भी घटाने का फैसला लिया है। अब यह शुल्क महिलाओं के लिए दो सौ रुपये से घटाकर डेढ़ सौ रुपये और विद्यार्थियों के लिए दो सौ रुपये से घटाकर सौ रुपये होगा। राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि सदस्यता शुल्क कम करने का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को गोल्फ से जोड़ना है।
विज्ञापन

राज्यपाल ने हर साल प्रतियोगिता शुरू होने से पहले प्रतियोगिताओं की जानकारी, प्रशिक्षण व प्रतियोगिताओं के विकास के लिए किए जाने वाले कार्यों की सूची बनाने के भी निर्देश दिए। बैठक में गोल्फ क्लब के कार्यों पर भी चर्चा की गयी। बैठक में विधि परामर्शी अमित कुमार सिरोही, वित्त नियंत्रक डॉ.तृप्ति श्रीवास्तव, राज्यपाल की परिसहाय रचिता जुयाल, तरूण कुमार, विशेष कार्याधिकारी बीपी नौटियाल, मुख्य सुरक्षा अधिकारी शिव कुमार आदि उपस्थित थे।
महिलाओं और बेटियों को गोल्फ के प्रति जागरूक करें अधिकारी : राज्यपाल
नैनीताल। राज्यपाल ने गोल्फ से जुड़े अधिकारियों को महिलाओं और बच्चों को गोल्फ के प्रति आकर्षित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारत की बेटी अदिति अशोक ने ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया। उनसे प्रेरणा लेकर उत्तराखंड की कई बेटियां गोल्फ में देश एवं प्रदेश का नाम रोशन कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में बेटियों को इस खेल के प्रति जागरूक करने की जरूरत है।
राज्यपाल ने कहा कि गोल्फ के खेल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए शीघ्र ही ‘सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी प्रतियोगिता’ भी आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में सदस्यों की संख्या अभी बहुत कम है इसे बढ़ाकर एक हजार तक किया जाए। उन्होंने स्कूली बच्चों के लिए भी समय-समय पर गोल्फ प्रशिक्षण शिविर आयोजित कराने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि गोल्फ एवं गोल्फ टूरिज्म की बेहतर संभावनाओं को देखते हुए इसमें अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी आवश्यक है। (माई सिटी रिपोर्टर)
गोल्फ क्लब की सदस्यता लेनी हो तो मेल आईडी पर करें आवेदन
नैनीताल। कार्य परिषद की बैठक में गोल्फ कैप्टन कर्नल एचसी साह ने राजभवन गोल्फ क्लब द्वारा पूर्व में आयोजित की गई गतिविधियों व आय-व्यय आदि की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में गोल्फ क्लब के लिए सदस्यता खुली हुई है। कहा कि यदि कोई व्यक्ति गोल्फ क्लब की सदस्यता लेना चाहता है तो वह ईमेल आईडी rbgcntl@gmail.com पर आवेदन कर सकता है। (माई सिटी रिपोर्टर)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें