मल्लीताल खेल मैदान में फुटबाल प्रतियोगिता के दौरान शॉट मारता खिलाड़ी। संवाद
नैनीताल। सीआरएसटी ओल्ड बॉयज की ओर से आयोजित स्वतंत्रता दिवस फुटबाल प्रतियोगिता का रविवार को शुभारंभ हुआ। दिन का पहला मुकाबला जीडी गोयनका स्कूल और मदर्स हार्ट के बीच खेला गया। हल्की बूंदाबांदी के बीच गोयनका स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मदर्स हार्ट को 3-1 से पराजित किया। दूसरा मैच सेंट जोंस नैनीताल और डिविटो भवाली के बीच हुआ। रोमांचक मैच में सेंट जोंस निर्णायक गोल करने में कामयाब रहा और 1-0 से मैच अपने नाम किया। दोनों ही मुकाबलों में रेफरी प्रेम बिष्ट, नकुल बिष्ट और अपूर्व बिष्ट रहे। संवाद
शीला माउंट एफसी और फास्ट आयारपाटा जीते
नैनीताल। लैंडो लीग फुटबाल प्रतियोगिता के तहत रविवार को दो मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता के पहले मैच में शीला माउंट सीनियर और शीला माउंट एफसी की टीमें आमने-सामने रहीं। इस मुकाबले में शीला माउंट एफसी ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाया और शीला माउंट सीनियर को 2-0 से शिकस्त देकर जीत दर्ज की। दूसरे मैच में न्यू चैलेंजर का मुकाबला फास्ट आयारपाटा से हुआ। दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। हालांकि फास्ट आयारपाटा ने बेहतरीन रक्षात्मक और रणनीतिक खेल की बदौलत न्यू चैलेंजर को 1-0 से हराकर मैच अपने नाम किया। संवाद