पेट्रोल-डीजल के दामों में वृद्धि के बाद अब रसोई गैस ने भी झटका दिया है। डीबीटीएल से जुड़ चुके उपभोक्ताओं को अब एक सिलेंडर 11 रुपये महंगा यानि 467 रुपये का मिलेगा, जबकि अब तक योजना से नहीं जुड़े उपभोक्ताओं को एक सिलेंडर के लिए 678 रुपये 50 पैसे चुकाने पड़ेंगे।
डीबीटीएल योजना का ग्रेस पीरियड चल रहा है। योजना से जुड़ने की अंतिम तिथि 30 जून है। योजना से जुड़ चुके उपभोक्ताओं को अब तक 456 रुपये का गैस सिलेंडर मिल रहा था। गैस सिलेंडर के दामों में एक बार फिर वृद्धि हुई है। एक सिलेंडर अब डीबीटीएल से जुड़े उपभोक्ताओं को 467 रुपये का मिलेगा। हालांकि उन्हें सिलेंडर के लिए 678 रुपये 50 पैसे ही देने पड़ेंगे।
हल्द्वानी गैस एजेंसी के प्रबंधक गोपाल बिष्ट ने बताया कि डीबीटीएल से जुड़े उपभोक्ताओं के खाते में 224 रुपये की सब्सिडी जाएगी। अब तक उपभोक्ताओं को 218 रुपये की सब्सिडी मिल रही थी। उन्होंने बताया कि नान डीबीटीएल वाले उपभोक्ताओं को 678 रुपये 50 पैसे चुकाने पड़ेंगे। गैस की बढ़ी हुई कीमतें एक जून से लागू कर दी गई हैं। बिष्ट ने बताया कि जुलाई में गैस के दामों का पुन: निर्धारण होगा।