नैनीताल। भू वैज्ञानिक कामिनी बिष्ट ने बुधवार को नगर पालिका के अभियंता तथा राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ स्नोव्यू क्षेत्र में बरसात में क्षतिग्रस्त हुए सीसी मार्ग व संबंधित सुरक्षा दीवार का निरीक्षण किया। बरसात के दौरान यह दीवार गिर गई थी। दीवार के बड़े हिस्से के गिरने और सीसी मार्ग समेत बड़े भू-भाग में दरार आदि से क्षेत्र संवेदनशील हो गया है। इससे पास के आवासीय क्षेत्र को भी खतरा हो गया है।
नगर पालिका की ओर से भेजे गए पत्र के क्रम में बुधवार को भू वैज्ञानिक कामिनी बिष्ट यहां पहुंची थीं। पालिका के अभियंता विपिन कुमार व राजस्व उप निरीक्षक दिनेश बिष्ट की मौजूदगी में मौके का निरीक्षण कर जांच पड़ताल की गई। पालिका के अभियंता विपिन कुमार ने बताया कि भू-वैज्ञानिक की ओर से इसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसके बाद ही जिला प्रशासन के आदेश के क्रम में संबंधित विभाग इसकी डीपीआर बनाएगा। इसके बाद ही सुरक्षा की कार्रवाई की जा सकेगी।