सिंचाई विभाग की ओर से बीते चार साल में वर्धो सिंचाई नहर में मरम्मत के नाम पर लाखों रुपए पानी की तरह बहाए जा चुके हैं, लेकिन अभी तक काश्तकारों को सिंचाई के लिए एक बूंद पानी नसीब नहीं हुआ है। इससे सैकड़ों हेक्टेयर कृषि भूमि बंजर हो चुकी है। अब फिर से इस नहर में मरम्मत के नाम पर सवा करोड़ रुपए खर्च करने की तैयारी की जा रही है।
बताते चलें वर्धो और आसपास के क्षेत्र में सिंचाई के लिए कोसी से पानी उपलब्ध कराया जाता था। शहीद बलवंत सिंह मोटर मार्ग और कोसी नदी के मध्य स्थित पहाड़ी में बनाई गई नहर वर्ष-2010 की दैवीय आपदा में पहाड़ी में हुए भूस्खलन और नदी के ऊफान पर आने के कारण कई जगह बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी। तब दैवीय आपदा मद से लगभग 48 लाख रुपए नहर की मरम्मत के नाम पर खर्च किए गए, लेकिन चार साल बीतने के बाद भी पानी नहीं मिला। वर्ष 2011-12 में विभाग ने तीन लाख रुपए फिर से मरम्मत के नाम पर खर्च कर दिए।
सूत्रों के मुताबिक नहर की मरम्मत के लिए एक बार फिर से विभाग ने शासन से 1 करोड़ 22 लाख रुपए स्वीकृत करा लिए हैं और शीघ्र ही फिर से मरम्मत का काम शुरू होना है। लोगों का कहना है कि विभाग इस भारी भरकम रकम को मरम्मत के नाम पर खर्च देगा, लेकिन बरसात में फिर से शहीद बलवंत सिंह रोड में होने वाले भूस्खलन और कोसी नदी के ऊफान पर बहने से नहर फिर से क्षतिग्रस्त हो जाएगी।
कृषि योग्य भूमि में अब खनन पट्टे स्वीकृत
पिछले वर्षो के दौरान सिंचाई सुविधा के अभाव में बडेरी गांव से रपटा तक कई हैक्टेयर भूमि रोखड़ में तब्दील हो चुकी है। कभी कृषि योग्य रही इस भूमि में अब शासन ने खनन के पट्टे स्वीकृत कर दिए हैं।
अतिरिक्त पंप लगाकर मिल सकता है सिंचाई के लिए पानी
वर्धो और इसके आसपास के कुछ गांवों में नकलूप खंड रामनगर की ओर से कोसी नदी में पंप लगाकर सिंचाई के लिए पानी काश्तकारों को उपलब्ध कराया जा रहा है। स्थानीय निवासी दलीप सिंह बोरा कहते हैं कि नहर की मरम्मत के नाम पर लाखों रूपये खर्च करने के बजाए सरकार यदि कोसी नदी से संचालित पंपिंग सिंचाई योजना में तीन अतिरिक्त पंप लगा दे तो काश्तकारों को सिंचाई के िलए आसानी से पानी मिल जाएगा। बोरा का कहना है कि नहर की मरम्मत के नाम पर सरकारी धनराशि का किसी भी कीमत पर दुरूपयोग नहीं होने दिया जाएगा।
वर्धो नहर की मरम्मत के लिए 1 करोड़ 22 लाख रुपए की योजना तैयार की गई है। धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। उक्त धनराशि से पूरी नहर की नए सिरे से मरम्मत कराई जाएगी।
- विजेंद्र सिंह अधिशासी, अभियंता सिंचाई विभाग नैनीताल
बेतालघाट ब्लाक की वर्धो सिंचाई नहर में पिछले वर्षों के दौरान सरकारी धनराशि से कराई गई मरम्मत और निर्माण कार्य की जांच कराई जाएगी। यदि गड़बड़झाला मिला तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
चंद्र सिंह मर्तोलिया, उपजिलाधिकारी कोश्या कुटौली (नैनीताल)