क्रिकेट वर्ल्ड कप के पहले मैच में भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत में भारत की एतिहासिक जीत पर क्रिकेट प्रेमियों ने शानदार जश्न मनाया। उन्होंने जमकर आतिशबाजी कर मिठाइयां बांटी। वहीं, क्रिकेट की खुमारी इस कदर छाई रही कि बाजारों में सुनसानी और सड़कें वीरान दिखी। कारोबार भी पूरी तरह चौपट रहा। रविवार का दिन होने से लोग घरों में टीवी से चिपके रहे, जो लोग किसी कारणवश टीवी नहीं देख पाए उन्होंने भी मोबाइल पर अपडेट और रेडियो से मैच का आनंद लिया।
क्रिकेट प्रेमियों को वर्ल्ड कप 2015 का बेसब्री से इंतजार था। खासकर पूल बी में शामिल टीमों में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच को लेकर काफी उत्साह था। सुबह मैच शुरू होने के साथ दर्शक अपना कामकाज छोड़कर टीवी के आगे बैठ गए। भारत और पाकिस्तान के इस मैच में इंडिया के टॉस जीतने के साथ दर्शक खुशी से झूम गए। विराट कोहली की शानदार पारी ने मैच में रोमांच बढ़ा दिया।
पाकिस्तान के ओपनर बल्लेबाजों के 10 ओवरों तक अच्छी शुरुआत होने से कड़े मुकाबले के आसार बन गए। दर्शक सांसें अटकाए टीवी पर नजर लगाए रहे। पाकिस्तान के ओपनर बल्लेबाजों की जोड़ी टूटने के साथ ही लगातार विकेटों का पतझड़ लगने से दर्शक खुशी से नाचने लगे। मिसवाह और आफरीदी की जोड़ी जमने से दर्शकों की सांसें फिर अटक गई और मैच फंसने के आसार हो गए, लेकिन आफरीदी के आउट होते ही कई इलाकों में आतिशबाजी शुरू हो गई।
इसके बाद भारत की एतिहासिक जीत होने पर शहर में कई इलाकों में जश्न मनाया। शाम पांच बजे बाद बाजारों में कुछ चहल कदमी शुरू हुई। दर्शकों के साथ व्यापारी भी दुकानें खोलकर टीवी के सामने बैठे थे। बसों और ट्रेन में यात्रा करने वाले क्रिकेट प्रेमी भी अपडेट ले रहे थे।