रामनगर (नैनीताल)। चोरों ने बकरीद में बंद शहर की चार गोदाम, दुकानों के शटर, ताले तोड़ दिए। तीन दुकानों से हजारों की चोरी कर ली। दुकानदारों ने पुलिस को तहरीर देकर चोरी गया माल बरामद करवाने की मांग की है। मौका, मुआयना कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना मोहल्ला घासमंडी के पालिका बाजार में हुई। वहां मो. फारूख की रजा गिफ्ट एंड कॉस्मेटिक की दुकान है। फारूख ने बताया कि ईद के कारण उसने शनिवार को दुकान बंद रखी थी। रविवार की जब फारूख अपनी दुकान खोलने पहुंचा तो देखा की दुकान के ताले टूटे थे। चोर उसके गल्ले से 15 हजार रुपये चुरा ले गए। दूसरी घटना मोहल्ला भवानीगंज में हुई। वहां वंशिका पतंजलि स्टोर के नाम से ग्राम पूछड़ी निवासी राकेश चंद्र की दुकान है।
रविवार सुबह दुुकान खोलने पहुंचे राकेश ने देखा कि दुकान का ताला टूटा था। चोर दुुकान से सात हजार रुपये का एक मोबाइल, एक हजार रुपये के एक जोड़ी कपड़े, एक हजार के अन्य सामान से गल्ले में रखे दो हजार रुपये भी ले गए। तीसरी घटना खताड़ी में हुई। वहां गैस गोदाम रोड ऊंटपड़ाव निवासी शोएब की दुुकान नूरिया इंटरप्राइजेज के नाम से है।
वह भी रविवार सुबह दुुकान खोलने आया तो उसने देखा कि दुुकान के ताले टूटे थे। उसकी दुकान से करीब छह हजार रुपये की जालियां चोरी हुई हैं। वहीं एमपीआईसी मैदान के पास स्थित एडवोकेट राजेश शर्मा के किताबों के गोदाम में भी चोरी का प्रयास हुआ। चोरों ने दोनों ताले तोड़ दिए जबकि सेंट्रल लॉक न टूटने से चोरी नहीं हो सकी। इससे पहले शुक्रवार रात भी कोतवाली के पास स्थित प्लाइवुड हार्डवेयर की दुुकान में भी चोरी हो चुकी है। दो रात में चार दुकानों में हुई चोरी से पुलिस गश्त की पोल खुल गई है। लोगों ने इन घटनाओं के खुलासे की मांग की है।