नैनीताल। दीपावली के दौरान घरों में पटाखे जलाने में लापरवाही के चलते चार लोग झुलस गए। इसमें से 12 वर्षीय किशोर की एक आंख की रोशनी प्रभावित हो जाने के कारण उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया है। तीन लोगों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
पंगोट निवासी 12 वर्षीय यशराज मंगलवार रात घर में आतिशबाजी कर रहा था। इस दौरान एक पटाखा उसकी दाई आंख के समीप फट गया। आंख के भीतर बारूद चले जाने से उसे दिखाई देना बंद हो गया। देर रात होने के कारण परिजन उसको अस्पताल नहीं ला सके। बुधवार सुबह परिजन उसे लेकर चिकित्सालय पहुंचे।
पीएमएस डॉ. टीके टम्टा ने बताया कि परीक्षण में चिकित्सकों ने उसकी एक आंख से धुंधला दिखने की बात कही और उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। मल्लीताल निवासी अरुण, लोसेन व आनंदी देवी भी मामूली रूप से झुलसने के बाद उपचार कराने अस्पताल पहुंचे थे। इन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। संवाद