शासन-प्रशासन डेेंगू को फैलने से रोकने में असफल साबित हो रहा है। हल्द्वानी शहर में डेंगू का प्रकोप फैलने से रोकने में नगर निगम प्रशासन भी नाकाम हो रहा है। निगम प्रशासन शहर में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त नहीं कर पा रहा है।
साथ ही, मोहल्लों में फागिंग भी नाकाफी साबित हो रही है। हल्द्वानी के किशोर समेत चार लोगों को डेंगू होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस तरह डेंगू से पीड़ित चार बच्चों समेत नौ नये रोगियों को एसटीएच एवं बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं। डेंगू से पीड़ित रोगियों की संख्या 41 से बढ़कर 50 हो गई है।
सुशीला तिवारी अस्पताल प्रशासन के मुताबिक बुधवार को तालिब (14 वर्ष) निवासी लाइन नंबर 12 आजाद नगर, हल्द्वानी, अभय (5 वर्ष) खजुरिया बरेली, सरफराज (30 वर्ष) निवासी बमरोला रुद्रपुर, तुला सिंह (50 वर्ष) निवासी संजयनगर खेरा रुद्रपुर, गोपाल शर्मा (70 वर्ष) निवासी गली नंबर पांच, रामपुर रोड हल्द्वानी, आबिद हुसैन (26 वर्ष) निवासी लाइन नंबर 13 आजाद नगर हल्द्वानी, जीवन चंद्र (26) निवासी भगवानपुर नैनीताल को भर्ती किया गया है।
एसटीएच के चिकित्सा अधीक्षक डा. एके पांडेय ने बताया कि रोगियों का बेहतर ढंग से इलाज करने के हर संभव प्रयास किए गए हैं।
बेस अस्पताल के डेंगू वार्ड में बुधवार को दो नये मरीजों को भर्ती कराया गया है। इनमें अजय अर्जुन (6 वर्ष) निवासी हैड़ाखान और खुशबू (14 वर्ष) निवासी गांधीनगर, हल्द्वानी शामिल हैं।
प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा. एससी पंत ने बताया कि अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती रोगियों के तीमारदारों को भी इस बीमारी से बचाव करने की जानकारी देने की व्यवस्था की गई है।