गुमशुदा भाई के पोस्टर लगाने पहुंचा नैनीताल युवक, तल्लीताल डांठ पर ही मिला भाई।
- फोटो : NAINITAL
नैनीताल। जीवन में कभी-कभी ऐसे इत्तेफाक भी हो जाते हैं जिसकी हम कल्पना तक नहीं करते। बुधवार को कुछ ऐसा ही मामला सामने आया। जिस भाई को खोजने के लिए गौलापार का युवक डेढ़ साल से परेशान था और नैनीताल की सड़कों पर उसकी तलाश के पोस्टर चिपका रहा था वह उसके सामने खड़ा मिला।
जानकारी के अनुसार डेढ़ साल पहले नवाड़खेड़ा गौलापार हल्द्वानी निवासी जितेंद्र गुप्ता लापता हो गया था। बुधवार को ललित गुप्ता अपने उसे खोजते हुए नैनीताल पहुंचा और तल्लीताल क्षेत्र में गुमशुदगी के पोस्टर चिपकाने लगा। उसने चीता मोबाइल पुलिस के वरिष्ठ आरक्षी को भी इसकी जानकारी दी। इसी दौरान सामने से एक युवक बाइक में आता दिखाई दिया। उसकी शक्ल पोस्टर में छपी फोटो की तरह थी। पूछताछ की तो वह जितेंद्र गुप्ता निकला। पहले तो जितेंद्र ने ललित का भाई होने से इंकार कर दिया लेकिन बाद में उसने हकीकत बया कर दी। ललित ने बताया कि 19 फरवरी 2019 को जितेंद्र की गुमशुदगी थाना काठगोदाम में लिखाई गई थी। वह बिना बताए घर से भाग आया था, तभी से परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। चीता मोबाइल पुलिस के वरिष्ठ आरक्षी शिवराज राणा ने बताया कि जितेंद्र डेढ़ साल से नैनीताल में केबल का काम कर रहा था। जितेंद्र को समझाकर उसे परिजनों के साथ भेज दिया गया।