नैनीताल में एटीएम के सहारे दिल्ली से पैसा उड़ाने वाले अपराधियों की फुटेज एसआईटी को मिल चुकी है। पता चला है कि डिवाइस लगाने वाले और पैसा निकालने वाले अलग-अलग हैं। एसएसपी स्वीटी अग्रवाल ने बताया कि कई अहम जानकारियां हाथ लगी हैं, जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
दिल्ली भेजी गई पुलिस की टीम बुधवार को लौट आई। टीम ने दिल्ली पुलिस से जानकारियां साझा की। टीम ने बताया कि किस प्रकार नैनीताल में डिवाइस लगाकर हैकर्स ने एटीएम के पासवर्ड हासिल किए। दिल्ली पुलिस से एटीएम से पैसे निकालने वालों के फुटेज भी मिली है।
दोनों के मिलान से पता चला कि डिवाइस लगाने वाली और पैसा निकालने वाले हैकर्स अलग-अलग हैं। एसआईटी को जल्द ही सफलता मिलने का भरोसा है। बता दें कि नैनीताल और भीमताल क्षेत्रों के खाताधारकों के एटीएम से हैकर्स लाखों रुपये निकाल चुके हैं।
एसएसपी ने घटना का खुलासा करने के लिए एसआईटी गठित की है। पुलिस का दावा है कि हैकर्स ने 11 दिसंबर को एटीएम में डिवाइस लगाई थी। इसके लिए वे नैनीताल के एक होटल में रुके थे। हैकर्स ने दिल्ली के खिचड़ीपुर और कनाट प्लेस के एटीएम से पैसे निकाले थे।