पांच फरवरी को जारी फोर्ब्स इंडिया की लिस्ट 30 अंडर 30 में उत्तराखंड का नाम भी दर्ज हो गया है। 28 वर्षीय मशहूर बॉलीवुड गायक और जौनसार भाबर क्षेत्र के मूल निवासी जुबिन नौटियाल को गायक और गीतकार की श्रेणी में इस सूची में जगह मिली है। बता दें कि बुधवार को ही हेट स्टोरी-4 फिल्म का गीत बूंद-बूंद में गुम सा... भी जारी हुआ इसे जुबिन नौटियाल ने अपनी आवाज से सजाया है। आने वाले वेलेंटाइन डे के दिन भी प्रसिद्ध संगीतकार मिथुन के सुरों में पिरोया गया गीत जुबिन की आवाज में लांच होगा। अमर उजाला से फोन पर हुई बातचीत में जुबिन ने बताया कि इस सूची में नाम आना उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है। राज्य के टैलेंट पर अब फोर्ब्स की भी मोहर लग गई है।
जुबिन का कहना है कि पहाड़ में एक आम धारणा है मास्टर बन जाओ या आईएएस बन जाओ तो जिंदगी आसान हो जाएगी। गाना बजाना कभी कैरियर के तौर पर नहीं लिया जाता। टैलेंट भरमार है, लेकिन घरवाले राजी नहीं होते। मेरा यह सम्मान राज्य के उन सभी युवाओं के लिए सपनों के दरवाजे खोलेगा जो मुझे या किसी अन्य गायक को गाते या बजाते सुनते होंगे।
बॉलीवुड में पहाड़ के इतने कलाकार होने के बाद भी यहां के गीतों और संगीत को पंजाबी, बंगाली, भोजपुरी की तर्ज पर पहचान न मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि बस आप देखते जाइए इसी साल आपको जवाब मिल जाएगा। शुरुआत हो चुकी है कुमाऊंनी, गढ़वाली, जौनसारी और हमारी लोक संस्कृतियों से सजे गाने जल्द ही बॉलीवुड में धूम मचाएंगे।
जुबिन राज्य के हर युवा के माता-पिता को संदेश देते हुए कहते हैं कि मेरे मां-पापा ने कम उम्र में ही समझ लिया था कि संगीत ही मेरा सब कुछ है।
मुझे उन्होंने इस मुकाम तक पहुंचने में पूरी मदद की। यही कारण है कि 28 साल में ही मुझे इतना कुछ मिल गया जो अमूमन नहीं मिलता है। टैलेंट तो हर बच्चे में होता है और माता-पिता ही अपने बच्चों को बेहतर समझ सकते हैं। उन्हें पता है कि किस चिंगारी को आग बनाया जा सकता है।
पहला नशा... को पलक मुछाल के साथ रिक्रिएट किया
1991 में आई हिट फिल्म जो जीता वही सिकंदर के हिट गीत पहला नशा को जुबिन ने पलक मुछाल के साथ रिक्रिएट किया है। यह गाना मशहूर निर्देशक ओनिर की अगली फिल्म कुछ भीगे अल्फाज में शामिल है। पांच फरवरी को रिलीज हुआ यह गाना इंटरनेट पर धूम मचा रहा है। इससे पहले जुबिन बजरंगी भाईजान और काबिल फिल्म में अपनी आवाज का जादू बिखेर चुके हैं।