एमबीपीजी कालेज की एमए की छात्रा को एक दुकानदार कई दिन से तंग कर रहा था। छेड़खानी से तंग छात्रा अपनी सहेलियों के साथ बुधवार को कोतवाली थाने पहुंच गई और पुलिस से दुकानदार की शिकायत की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मीट विक्रेता को पकड़ लिया।
माफी मांगने पर छात्रा ने अपनी शिकायत वापस ली। इसके बाद पुलिस ने आरोपी दुकानदार को छोड़ दिया। छात्रा का कहना है कि इस दुकानदार की छींटाकशी की वजह से एक छात्रा पढ़ाई छोड़ चुकी है।
लाइन नंबर 14 की रहने वाली युवती एमबीपीजी कालेज में एमए द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा है। मंगलवार को वह घर से कालेज आ रही थी तो मछली बाजार के दुकानदार मोबीन ने उसका बाइक से पीछा कर फब्तियां कसी।
छात्रा ने उस समय कोई प्रतिरोध नहीं किया। छात्रा ने घटना से अपने साथ पढ़ने वाले छात्र और छात्राओं से अवगत कराया। इसके बाद कालेज से छात्रों और अपनी सलेहियों संग छात्रा कोतवाली थाने पहुंची।
उसने घटना से कोतवाली थानाप्रभारी आरएस मेहता को अवगत कराया। छात्रा का आरोप था कि दुकानदार उसे कई सालों से तंग कर रखा है। पुलिस ने गौजाजाली निवासी मीट विक्रेता मोबीन को पकड़ लिया।
कोतवाली में छात्रा का सामना होने पर मोबीन उसे बहनजी बोलने लगा और अपने किए की माफी मांगने लगा। घटना की जानकारी मिलने पर मोबीन के करीबी थाने में पहुंच गए।
उन्होंने छात्रा के पिता पर दबाव बनाया। इसके बाद आरोपी के माफी मांगने पर छात्रा ने माफ कर दिया। पुलिस ने आरोपी को चेताया कि आइंदा शिकायत मिलने पर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।