एसओजी की टीम ने गौला में बुधवार की रात छापा मारकर बिहार के ठेकेदार और उसके मजदूर के कब्जे से एक किलो चरस बरामद की है।
पुलिस गिरफ्तार लोगों का आपराधिक इतिहास भी खंगाल कर रही है। दो माह में एसओजी तीन किलो चरस बरामद कर चुकी है।
एसओजी प्रभारी दिनेश चंद पंत को बुधवार की रात सूचना मिली कि गौला समीप बस्ती में चरस बेची जा रही है। पुलिस ने छापा मारा तो एक मजदूर सप्लाई करने वाले ठेकेदार के कमरे में एक किलो चरस बरामद की।
पुलिस ने बिहार के बेतिया जिले के सिमरा मझौलिया निवासी ठेकेदार मोहम्मद इरशाद और मजदूर फारूक को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ से पता चला कि ठेकेदार पहाड़ से चरस खरीदकर अपने मजदूरों को बेचता है। जिला पुलिस ने गिरफ्तार दोनों लोगों के आपराधिक इतिहास के बारे में बिहार पुलिस से जानकारी मांगी है।
पुलिस की टीम देर रात तक ठेकेदार से शहर के विक्रेताओं के बारे में पूछताछ करती रही। बता दें कि डेढ़ माह पहले दमुवाढूंगा और दो माह पहले भवाली में एसओजी ने एक-एक किलो चरस की खेप बरामद किया था।