डेंगू मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। डेंगू पीड़ित पांच और मरीजों को इलाज के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डेंगू को लेकर स्वास्थ्य विभाग सिर्फ आदर्श नगर तक सीमित रह गया है। जबकि डेंगू के मरीज लालकुआं, रामनगर, हीरानगर समेत अन्य क्षेत्रों से भी आ रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग 25 सितंबर से आदर्श नगर में दौरा कर रही है। उच्चाधिकारियों को दिखाने के लिए कागजों पर कार्रवाई की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीम शुक्रवार को भी आदर्श नगर में गई। दावा किया कि 32 घरों में लोगों की जांच की गई और सिर्फ एक बुखार का रोगी मिला। एसटीएच में हीरानगर निवासी नारायण सिंह (40), आदर्श नगर निवासी एमएम जोशी (61), बिंदुखत्ता निवासी महेश (40), आदर्श नगर निवासी जान्हवी गंगोला (06) और पिथौरागढ़ निवासी रवि (15) को भर्ती कराया गया है। इसके अलावा निजी अस्पतालों में डेंगू के मरीज पहुंच रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एक ही क्षेत्र में घूमकर अपनी पीठ थपथपाने में लगे हुए हैं।