भीमताल (नैनीताल)। पर्वतीय क्षेत्रों के किसानों की आजीविका बढ़ाने और पहाड़ में स्वरोजगार के लिए जिला प्रशासन के सहयोग से मत्स्य विभाग ने कलस्टर तैयार कर मत्स्य पालन शुरू करा दिया है।
धारी ब्लॉक की ग्राम पंचायत सरना में जिला योजना की कलस्टर विकास योजना के तहत मत्स्य विभाग ने प्रस्तावित 20 मत्स्य तालाबों में से 14 तालाब तैयार कर दिए हैं। इनमें अब किसान मछली का उत्पादन कर सकेंगे। सीडीओ के अनुसार सरना क्षेत्र के सामाजिक आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग के लाभार्थियों को मत्स्य तालाबों का लाभ दिया गया है। विभाग की ओर से तालाबों के लिए 50 प्रतिशत अनुदान राशि दी गई है।
तीन प्रकार की मछलियां बढ़ाएंगी आजीविका
सरना में नदी किनारे बनाए गए 14 तालाबों में ग्रास कार्प, सिल्वर कार्प, कार्मन कार्प प्रजाति की मछलियां डाली जाएंगी। इन मछलियों को किसान स्थानीय बाजारों के साथ मुक्तेश्वर, धानाचूली क्षेत्र के होटलों और रेस्टोरेंट संचालकों को 300 से 400 रुपये किलो तक बेच सकेंगे।
सरना के किसानों की आजीविका को बढ़ाने के लिए मत्स्य तालाब बनाए गए हैं। इन तालाबों से किसान मछली का अच्छा उत्पादन कर अपनी आजीविका को मजबूत कर सकेंगे। साथ ही क्षेत्र में पशुपालन, बागवानी और कृषि उत्पादन को लेकर भी कलस्टरों पर काम किए जाएगा। - डॉ. संदीप तिवारी, सीडीओ