अवैध खनन रोकने के विभाग चाहे लाख इंतजाम कर ले, लेकिन वह खनन माफिया के आगे बौने साबित हो रहे हैं। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण कोसी नदी के बंजारी गेट पर देखने को मिला। यहां असलहों के बल पर रातभर जेसीबी से अवैध खनन होता रहा, लेकिन विभागीय अधिकारी चुप्पी साधे रहे।
बीते बुधवार रात ईटव्वा, गोबरा के खनन माफिया जेसीबी और 10-12 टैक्ट्रर-ट्रॉली लेकर बैंतखेड़ी के रास्ते बंजारी गेट से होते हुए कोसी में प्रवेश कर गए। स्थानीय ज्वालावन चौकी में तैनात कर्मचारियों ने इन्हें रोकने का प्रयास किया तो माफिया ने असलहे दिखाकर उन्हें वहां से खदेड़ दिया। माफिया की संख्या अधिक होने पर विभागीय अधिकारी रातभर नदी क्षेत्र में घुसने से कतराते रहे और माफिया जेसीबी की मदद से रातभर अवैध खनन करते रहे।
वन क्षेत्राधिकारी विजेंद्र सिंह अधिकारी ने बताया माफिया की संख्या अधिक होने पर विभाग को घुटने टेकने पड़े। उन्होंने बताया कि माफिया जेसीबी से खोदे गए गड्ढों को बंद करते हुए नदी में घुसे। खनन माफिया की गोपनीयता से जांच कर संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। किसी भी कीमत में खनन माफियाओं को बख्शा नहीं जाएगा।