नैनीताल। बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड नैनीताल की कार्यकारी समिति की सोमवार को चेयरमैन अर्जुन सिंह भंडारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में अधिवक्ताओं ने आर्थिक सहायता के रूप में दी जाने वाली धनराशि को बढ़ाने समेत कई मांगें उठाईं।
बार काउंसिल ऑफ उत्तरखंड के सभागार में आयोजित बैठक में अधिवक्ताओं ने कहा कि उनके विधि प्रपत्रों के सत्यापन समय से पूर्ण किए जाएं। अधिवक्ताओं को आर्थिक सहायता के रूप में दी जाने वाली धनराशि को बढ़ाने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई। इस दौरान अधिवक्ता हितों पर विचार विमर्श के बाद कई सुझाव रखे गए। अधिवक्ताओं ने मंथन के बाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश आरएस चौहान से भेंट कर अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान की उनसे मांग की। बैठक में उपाध्यक्ष रंजन सोलंकी, कार्यकारी समिति के सदस्य सुरेंद्र सिंह पुंडीर, अनिल पंडित, राजवीर सिंह बिष्ट, प्रभात कुमार चौधरी, कुलदीप कुमार सिंह, राकेश गुप्ता तथा बार कांउसिल ऑफ इंडिया के सदस्य डीके शर्मा, नंदन सिंह कन्याल, मेहरबान सिंह कोरंगा आदि ने शिरकत की।