नैनीताल। अपने जमाने की मशहूर बॉलीवुड अभिनेत्री और पूर्व सांसद जयाप्रदा बुधवार को नैनीताल पहुंचीं। चेहरे पर मास्क लगा होने के कारण पहले तो लोग उन्हें पहचान नहीं पाए। पहचाने जाने के बाद उन्हें देखने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ बढ़ती देख वह वापस गाड़ी में सवार होकर निकल र्गइं। इससे पहले उन्होंने माल रोड की दुकानों से खरीदारी की और एक होटल में खाना भी खाया। दोपहर बाद वह यहां से रामपुर लौट गईं।
बुधवार को दोपहर में पूर्व सांसद जयाप्रदा तीन वाहनों के काफिले के साथ मल्लीताल स्थित पंत पार्क पहुंचीं। मल्लीताल में वाहनों के पास पुलिस फोर्स को देख लोगों को लगा कि कोई वीवीआईपी पहुंचा है। जैसे ही लोगों को पता चला कि अभिनेत्री जयाप्रदा पहुंचीं हैं तो उन्हें देखने वालों की भीड़ लग गई। भीड़ के कारण जयाप्रदा लगभग दस मिनट तक अपने वाहन में ही बैठी रहीं। दस मिनट बाद उनकी गाड़ी वापस माल रोड से तल्लीताल रवाना हो गई। इसी बीच, जयाप्रदा ने माल रोड पर क्राफ्ट एंड आर्ट की दुकान पर उतरकर लकड़ी का बेलन और हैंडीक्राफ्ट का अन्य सामान खरीदा। इसके बाद मालरोड स्थित अलका होटल पहुंचकर उन्होंने चायनीज भोजन किया। इस दौरान अलका होटल में भी मीडिया कर्मियों की भीड़ जुट गई लेकिन यहां भी जयाप्रदा ने मीडिया से दूरी बनाए रखी। खाना खाने के बाद उनका काफिला रामपुर रवाना हो गया। अलका होटल के स्वामी वेद साह ने बताया कि जयाप्रदा रामनगर से नैनीताल घूमने आईं थीं। रेस्टोरेंट में चाइनीज लंच करने के बाद वह रामपुर लौट गईं।