हल्द्वानी। मकर संक्रांति के साथ ही खरमास समाप्त हो गया है और मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो गई है। 16 जनवरी से शुरू हो रहे वैवाहिक कार्यक्रम मार्च तक चलेंगे। संक्रांति पर लोगों ने नदियों में स्नान किया और सूर्य उपासना के साथ ही दान-पुण्य भी किया।
रानीबाग में गार्गी नदी में बड़ी संख्या में लोग स्नान के लिए पहुंचे। इस दौरान उपनयन संस्कार, कर्णवेध भी हुए। वहीं हीरानगर स्थित गोल्ज्यू मंदिर में भी लोगों ने बच्चों का उपनयन संस्कार कराया। शहर में विभिन्न जगहों पर खिचड़ी पर्व का भी आयोजन किया गया।
रानीबाग के चित्रशिला स्थान पर संक्रांति के दिन विशाल मेला लगा। दूरदूराज से लोग गार्गी नदी में स्नान करने और मंदिर में दर्शन करने के लिए पहुंचे। मेले में बड़ी संख्या में लोगों ने बच्चों के उपनयन संस्कार करवाए।
दोपहर बाद तक रानीबाग में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। निकाय चुनाव में उतरे प्रत्याशी भी यहां पहुंचे और भक्तों को प्रसाद वितरण में सहयोग किया। यहां युवक मंगल दल के पूर्व अध्यक्ष दीपक नौगाई, आनंद कुंजवाल, संजय लाल साह, नवल किशोर बिष्ट, विश्व दीपक तिवारी, रमा पांडेय, रवि साह, महेश भंडारी, मनोज बिष्ट, कलावती थापा, बबली भंडारी आदि मौजूद रहे। वहीं, माघ मास में खिचड़ी बांटने का महत्व है। मंगलवार को शहर में विभिन्न जगहों पर खिचड़ी बांटी गई।