नैनीताल। नगर की धार्मिक संस्था श्री राम सेवक सभा की ओर से 8 मार्च से फागोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष मां नंदा सुनंदा महोत्सव की तर्ज पर फागोत्सव मनाया जाएगा। इसको लेकर रविवार को सभा के सभागार में महिला होली टीमों के प्रतिनिधियों की बैठक हई। बैठक में फागोत्सव की सफलता को लेकर विस्तार से विचार विमर्श हुआ।
बैठक में सभा के महासचिव जगदीश बवाड़ी ने कहा कि इस बार 26वां फागोत्सव मां नंदा सुनंदा महोत्सव की तर्ज पर होगा। सभा की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। बवाड़ी ने महिला होल्यारों के साथ बैठक कर विस्तृत रूपरेखा तैयार की। कहा कि 8 मार्च को तल्लीताल से रामसेवक सभा प्रांगण तक महिलाओं की ओर से होली का जुलूस निकाला जाएगा। जिसमें सभी महिलाएं हिस्सा लेंगी। बवाड़ी ने कहा इस बार अल्मोड़ा, रानीखेत, भीमताल, हल्द्वानी, भवाली, गेठिया और स्थानीय महिला होल्यारों की टीमें फागोत्सव में भाग लेंगी। फागोत्सव के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के साथ ही कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जगदीश बवाड़ी ने कहा कि 8 से 19 मार्च तक चलने वाले फागोत्सव में स्कूली बच्चों की भी प्रतियोगिता होगी और अपनी भाषा, अपनी संस्कृति और अपनी बोली को संरक्षित करने के लिए कुमाऊंनी भाषा में कवि सम्मेलन व वार्ता का भी आयोजन किया जाएगा।
इसके अलावा फोटोग्राफी प्रतियोगिता भी कराई जाएगी। इस मौके पर रामसेवक सभा के अध्यक्ष मनोज साह, पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी मंटू, सचिव विमल चौधरी, डॉ. ललित तिवारी, रंगकर्मी मिथिलेश पांडे, घनश्याम लाल साह, प्रेमा अधिकारी, मीनाक्षी कीर्ति, दिव्या साह, रानी साह, दीपिका बिनवाल, मंजू रौतेला, विजय लक्ष्मी थापा आदि थे।