हल्द्वानी। शहर से नंदा देवी का मेला देखने के लिए नैनीताल जाने वालों के लिए शुक्रवार से अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। परिवहन निगम की ओर से इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
पिछले दिनों आरटीओ प्रवर्तन की मौजूदगी में हुई बैठक में मेले के मद्देनजर 23 सितंबर तक रोडवेज की अतिरिक्त बसों का संचालन करने का निर्णय लिया गया था। हल्द्वानी डिपो एआरएम संजय पांडे ने बताया कि नैनीताल मार्ग पर रोजाना 15 बसों का संचालन किया जाता है। मेले के मद्देनजर अब इनकी संख्या 20 से अधिक हो जाएगी। नैनीताल से लौटने वालों को रात आठ बजे तक बस की सुविधा मिलेगी।
दिल्ली की एसी बस सेवा होगी शुरू
हल्द्वानी। काठगोदाम डिपो की एक महीने से बंद पड़ी दिल्ली एसी बस सेवा शुक्रवार से फिर चलाई जाएगी। डिपो एआरएम गणेश चंद्र पंत ने बताया कि बस अड्डे से नियमित एसी बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को राहत मिलेगी। अनुबंधित सेवा के तौर पर चल रही अन्य बसों में खराबी के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। टिकट बुकिंग कराने के बावजूद यात्रियों को धनराशि रिफंड करनी पड़ी है। हालांकि हल्द्वानी डिपो की पांच वॉल्वो दिल्ली मार्ग पर चल रही हैं।