ब्लॉक रोड़ के समीप नालें में जमी गंदगी
- फोटो : अमर उजाला
शहर की झील को स्वच्छ बनाने के संकल्प के साथ कुछ माह पहले क्षेत्र के तमाम संगठनों ने भीमताल झील में सफाई अभियान चलाया था। इसके बावजूद यहां बाइपास मार्ग के पास सिंचाई विभाग के खुटानी, कुंआताल और मल्लीताल ब्लॉक रोड के पास नाले की गंदगी झील में जा रही है।
खुटानी, कुआंताल के नालों से आने वाला पानी भीमताल झील में मिलता है। स्थानीय लोगों द्वारा अपने घरों का गंदा पानी इन नालों में डाला जा रहा है। क्षेत्र के स्थानीय लोगों ने सिंचाई विभाग और नगर पंचायत से झील में जा रही गंदगी को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने और कूड़ा फेंकने वालों पर कारवाई करने की मांग की है।
नालों में गंदगी डालने वाले लोग अपनी जिम्मदेदारी को समझें और क्षेत्र को साफ सुथरा रखने में सहयोग करें। वहीं सिंचाई विभाग और नगर पंचायत झील में जा रही गंदगी को साफ कराएं।
- संदीप पांडे, देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष
पर्यटन के लिहाज से यहां सैलानियों का आना जाना लगा रहता है। यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम अपने क्षेत्र की साफ-सफाई की ओर ध्यान दें।
- रमन सिंह बिष्ट, स्थानीय निवासी
नालों से जा रही गंदगी को झील से हटाया जाएगा। मेरा लोगों से आग्रह है कि नालों में अपने घरों की गंदगी ना डालें।
हरीश चंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता, सिंचाई विभाग