नैनीताल। भाबर हॉल कंपाउंड, बिरला रोड पर शनिवार को पानी के लिए हाहाकार मचा रहा। स्थानीय लोग और होटलों पर्यटक पानी के लिए तरस गए। सबसे ज्यादा परेशानी ऊंचाई पर रहने वालों को हुई। टैंक भरने से पहले ही पानी चला गया। होटल रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष ने डीएम से शिकायत कर पानी सप्लाई सुचारु कराने की मांग की है।
पानी सप्लाई शहर के कुछ इलाकों के लिए मुसीबत बन गया है। तीन घंटे की सप्लाई के चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी ऊंचाई वाले इलाकों में हो रही है, जहां टैंक भरने से पहले ही सप्लाई बंद हो जाती है। शनिवार को जू रोड, भाबर हॉल कंपाउंड में स्थित होटलों में पानी खत्म हो गया, जबकि अधिकतर होटल पर्यटकों से भरे थे। ऐसे में सभी होटल संचालकों ने अध्यक्ष दिनेश साह से समस्या सुलझाने की मांग की। साह ने बताया कि होटल कारोबारियों के कई फोन शनिवार को उनके पास आए थे। होटलों में पानी की भारी समस्या हो गई थी। शहर में पानी सप्लाई का समय घटा कर तीन घंटे करने के कारण ऐसी स्थिति बन रही है। होटल संचालकों के टैंक भरने से पहले ही सप्लाई बंद हो जाती है। उन्होंने इस संबंध में डीएम से बात की थी। डीएम ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। जल संस्थान के ईई सुनील तिवारी ने बताया कि जू रोड की तरफ की पाइप लाइन की जिम्मेदारी एडीबी को दी गई है। समस्या सुलझाने के लिए एडीबी के अधिकारियों से कहा गया है। इस क्षेत्र के तमाम लोग पानी न आने की शिकायत करने जल संस्थान ऑफिस पहुंचे। रविवार का दिन होने के कारण दफ्तर में कोई नहीं था। स्थानीय बाशिंदों ने यहां काफी देर तक विरोध, प्रदर्शन किया। इसके बाद जल संस्थान के ईई तिवारी, एसडीओ दिलीप सिंह बिष्ट मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि एडीबी की लाइन पड़ना भी पानी न आने की एक वजह हो सकता है। वह जल्द से जल्द समस्या का समाधान कराने का प्रयास कर रहे हैं।
भाबर हॉल कंपाउंड के वाशिंदे भी पानी के लिए तरसे
तीन घंटे की सप्लाई बनी मुसीबत
होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष ने की डीएम से शिकायत