भीमताल (नैनीताल)। रीप परियोजना से जुड़ी महिला समूहों की ओर से तैयार मसाले, दालें और शहद को बेचने के लिए परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। महिलाओं के उत्पादों को खरीदने के लिए रीप परियोजना के तहत अब रिच अराइज अफ्लुएंस एंटरप्राइज प्राइवेट लिमिटेड की ओर से भीमताल ब्लॉक की चार सीएलएफ से करार किया गया है।
रीप परियोजना के सेल्स सहायक प्रबंधक अतुल चमोली ने बताया कि एमओयू के तहत पहले चरण में 150 क्विंटल मसाले लाल मिर्च, हल्दी, धनिया, 80 क्विंटल दालें गहत, काला भट्ट और 150 क्विंटल शहद खरीदा जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से महिलाओं को एक प्लेटफार्म मिल पाएगा और उनकी आजीविका में वृद्धि हो सकेगी। उपलब्धता के तहत अन्य उत्पाद भी शामिल किए जाएंगे। इस दौरान चारु बिष्ट, चंदन बिष्ट, गीता नेगी, हेमा आर्या, अमित बोरा, हर्षित जीना, लता पलड़िया, रीना बिष्ट, हेमा जोशी, गीता पांडे, हंसा थापा आदि मौजूद रहे।