रोडवेज बस स्टेशन के निकट स्थित गोविंद बल्लभ पंत पुस्तकालय से अतिक्रमण हटाती नगर निगम की टीम।इस द?
- फोटो : HALDWANI
हल्द्वानी। नगर निगम ने अतिक्रमण को लेकर सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। निगम के अधिकारियों ने तीसरे दिन रोडवेज से लेकर मंगलपड़ाव तक अभियान चलाया। मंगलपड़ाव में अतिक्रमण हटाने के दौरान व्यापारी और निगम के अधिकारियों के बीच बहस हुई। हालांकि अधिकारियों ने व्यापारियों की एक नहीं सुनी और 33 लोगों का चालान कर 18600 रुपये वसूल लिए।
सोमवार दोपहर करीब दो बजे सहायक नगर आयुक्त विजेंद्र चौहान और गौरव भसीन के नेतृत्व में निगम की टीम ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत लाइब्रेरी से लेकर मंगलपड़ाव तक अतिक्रमण हटाया। लाइब्रेरी के सामने कई सालों से कब्जा किए हुए कब्जाधारी को टीम ने हटा दिया। साथ ही उसका सामान जब्त कर लिया। उधर, व्यापारियों ने अभियान का विरोध किया। इस दौरान सफाई निरीक्षक चतर सिंह, हरीश आदि मौजूद रहे।
दुकानदारों का अतिक्रमण हटाए प्रशासन
हल्द्वानी। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री राजेंद्र फर्स्वाण ने कहा है कि बाजार क्षेत्र में कुछ दुकानदारों ने अतिक्रमण किया है। प्रशासन उनसे सख्ती से निपटे और उनके चालान कर भारी भरकम जुर्माना वसूले। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल दुकानों के आगे किए गए अतिक्रमण का सख्त विरोध करता है। दुकानों के आगे किए गए अतिक्रमण और फड़, ठेली से आम जनता दुखी है। (माई सिटी रिपोर्टर)