कोटाबाग। कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के कोटाबाग, पतलिया और कुसानवाड़ इलाके में जंगली हाथियों के झुंड ने किसानों की गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। हाथियों के खेतों में घुसकर फसल रौंदने से ग्रामीणों और किसानों में दहशत है।
किसान कमल बोहरा ने बताया कि खेती-बाड़ी ही उनकी आय का एकमात्र साधन है लेकिन हाथियों के उत्पात के कारण उनकी मेहनत बर्बाद हो रही है। रात के समय हाथियों के झुंड खेतों में घुसकर तैयार गेहूं की फसल को नष्ट कर रहे हैं जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। किसान पुनीत बिष्ट ने मुआवजे की मांग की है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रामनगर वन विभाग को कई बार समस्या से अवगत कराया गया लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है। इस कारण किसानों में वन विभाग के प्रति गहरा रोष है। महेंद्र बिष्ट, राम सिंह चौकड़ायत, पूरन बिष्ट सहित कई किसानों ने वन विभाग से जंगल किनारे मजबूत बाउंड्री वॉल या सुरक्षा घेराबंदी की मांग की है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे आंदोलन करेंगे। संवाद