ताज मस्जिद नई बस्ती में शनिवार की सुबह ई रिक्शा की बैटरी ब्लास्ट होने से भगदड़ मच गई। संयोग था कि ई रिक्शा के पास उस समय कोई खड़ा नहीं था। ई रिक्शा मालिक का कहना था कि उसे एजेंसी मालिक से बैटरी बदलने की शिकायत की थी लेकिन एजेंसी मालिक टालमटोल कर रहा था।
इंदिरानगर निवासी मोहम्मद फहीम ने चार महीने पहले अब्दुल्ला बिल्डिंग स्थित एजेंसी से ई रिक्शा खरीदा था। आरोप है कि उसने चार माह में तीन बार बैटरी बदलवाई लेकिन वह करंट लेने में दिक्कत कर रही थी। चौथी बार भी उसने एजेंसी मालिक से नई बैटरी देने का अनुरोध किया लेकिन वह टालमटोल करता रहा।
फहीम के पिता शकील का आरोप था कि एजेंसी मालिक ने पुरानी बैटरी दी थी। शनिवार को फहीम ने अपना ई रिक्शा ताज मस्जिद के पास सुबह करीब आठ बजे खड़ा किया था। इस बीच अचानक बैटरी में ब्लास्ट हो गया। धमाके की आवाज सुनते ही पहले तो लोग भागे फिर मौके पर जमा हो गए।
पर्व सभासद जियाउद्दीन कुरैशी ने इस मामले में कंपनी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का आरोप है कि बैटरी नकली प्रतीत हो रही है। इस मामले में ई रिक्शा मालिक और क्षेत्रीय लोग 18 जून को एजेंसी मालिक के पास जाएंगे।